भंडरा / लोहरदगा : लोहरदगा की भंडरा पुलिस ने मंगलवार को रुखसाना खातून की हत्या के आरोप में मृतका के पति उदरंगी निवासी अजमतउल्लाह (23) एवं भसुर रहमतउल्लाह अंसारी (24) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भंडरा थाना में कांड संख्या 22/2022 धारा 498ए / 302/34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि गत 25 अप्रैल को उदरंगी गांव में परिवारिक विवाद में विवाहित महिला की गला दबाकर और सिर में चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गयी थी। उसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी भंडरा पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था। मृतिका के भाई रांची जिला अंतर्गत नरकोपि थाना क्षेत्र के मुड़कट्टी निवासी इमरान अंसारी ने भंडरा थाना में दहेज के खातिर रुखसाना खातून की हत्या करने का मामला भंडरा थाना में दर्ज कराया है। भंडरा पुलिस ने अग्रेतर करवाई करते हुए दोनों हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







