
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी नार्थ ले आउट व आसपास के इलाके में चटनी डान के अलावा मुन्ना यादव उर्फ लंबू गैंग भी सक्रिय है. लंबू भी चटनी डान के हर छोटे बड़े अपराध में हिस्सेदार है. इसके अलावा इसी गैंग के नाम पर यह अपना एक अलग गिरोह भी चलाता है. इस गिरोह का अभी तक बड़े कांड में नाम नहीं आया है पर इस गैंग के अधिकतर सदस्य टीनएजर्स हैं. इस गैंग में अरुण, शिव समेत कई युवक सक्रिय सदस्य हैं. मुन्ना इस गैंग का सरगना है जो बस्ती व आसपास के युवाओं को एकत्रित कर नशा का सामान उपलब्ध कराकर सोनारी नार्थ ले आउट के घरों से चोरी कराने से लेकर आना जाना करने वाले लोगों से छिनतई कराता है. स्थानीय लोग इसका विरोध न करें और इसका वर्चस्व कायम रहे, इसके लिए समय-समय पर अवैध हथियार का भी प्रदर्शन करता है. स्थानीय लोगों व विशेष शाखा की रिपोर्ट के अनुसार लंबू अपने गैंग के साथ नार्थ ले आउट स्थित घर नंबर 150, जो बीएसएफ जवान का घर है, उसके आगे-पीछे अपने गैंग के साथ बैठकर खुलेआम नशा करता है और आपराधिक घटना को अंजाम देता है. बीएसएफ जवान के माता-पिता बुजुर्ग हैं और जब वे तथा आसपास के लोग विरोध करते हैं तो यह अपराधी उस परिवार के साथ मारपीट के साथ तरह तरह का हथकंडा अपना कर उसे परेशान करते हैं. विशेष शाखा के अधिकारियों ने क्षेत्र के आसपास के लोगों से इस गैंग के बारे में जानकारी इकट्ठा किया है. अधिकारियों के अनुसार गैंग की सक्रियता इतनी अधिक है कि आम लोग भयभीत हैं और अनहोनी का डर सता रहा है.






