
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह श्मशान घाट के पास स्थित बस्ती में दो भाइयों सोमनाथ भुइयां और कुमार भुइयां ने मिलकर अपने साले कर्फ्यू भुइयां को मारपीट कर जख्मी कर दिया है। करफू भुइयां को डंडे और ईंट पत्थर से मारा गया। उसके सर पर गंभीर चोट लगी है। परिजनों ने खून से लथपथ हालत में करफू भुइयां को इलाज के लिए साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। करफू भुइयांडीह श्मशान घाट के पास स्थित बस्ती में रहता है। उसकी पत्नी फूलमती भुइयां ने बताया कि वह अपने मां के दूसरे घर में रहती है। उसने बताया कि उसका पति करफू भुइयां लोहा चुनने का काम करता है। दोनों ने मिलकर 60 हज़ार रुपए इकट्ठा किए हैं। इस रकम से वह भुइयांडीह में ही एक जमीन खरीद रही है। फूलमती ने बताया की उसके भाइयों का आरोप है कि जमीन खरीदने के लिए रकम उसकी मां दे रही है। इसी को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार की रात को सोमनाथ भुइयां और कुमार भुइयां ने अपनी बहन फूलमती भुइयां के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर कर्फ्यू भुइयां पहुंचा और इसका विरोध किया और मारपीट नहीं करने को कहा। इस पर दोनों भाइयों ने मिलकर करफू भुइयां को मारपीट कर घायल कर दिया।







