जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत प्रेम नगर रोड नंबर एक निवासी विजय राय की ऑटो संख्या JH05BV- 6990 बीते 5 अगस्त की रात चोरी चली गई, जिसका आजतक पुलिस सुराग ढूंढ पाने में विफल रही है, जबकि ऑटो चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसमें चोरों की सारी हरकत नजर आ रही है. ऐसे में अहम सवाल यह उठता है कि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बाद भी घटना के चार दिन बीत चुके हैं, पुलिस न तो चोरों का सुराग जुटा सकी है, न ऑटो का ही पता- ठिकाना ढूंढ पाने में सफल हुई है. उधर ऑटो चालक विजय राय ऑटो चोरी जाने के बाद से दर- दर भटक रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में विजय राय ने बताया कि चोरी की घटना के अगले दिन ही थाने को अवगत करा दिया गया था, मगर अब तक उनके ऑटो का कोई पता ठिकाना नहीं मिल सका है. सीसीटीवी कैमरे में दो युवक ऑटो को ठेल कर ले जाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि 5 अगस्त की रात्रि अंतिम ट्रिप करने के बाद रात को ऑटो अपने घर के आगे लगाया था. सुबह देखा तो घर के आगे से ऑटो गायब है. सीसीटीवी फुटेज में दो युवक ऑटो को ठेल कर ले जाते नजर आ रहे हैं, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है. बावजूद इसके पुलिस चोरों का सुराग पाने में नाकाम रही है. ऑटो चोरी जाने के बाद उसके रोजगार के साधन छिन गए हैं. उसी के जरिए रोजी रोटी का प्रबंध हो पाता था.






