जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस लगातार गाड़ी चोरी करने वाले गिरोह के नेटवर्क को नेस्तनाबूंद करने में लगी है. जमशेदपुर एसएसपी प्रभात कुमार के पदभार संभालने के बाद से लगातार ऐसे मोटरसाइकिल चोरों को पकड़ा गया है और अब तक काफी संख्या में गाड़ियों को जब्त किया गया है. इसी कड़ी में जमशेदपुर पुलिस की टीम ने चोरी की 4 गाड़ियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पकड़े गये लोगों में एक जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह का रहने वाला अरबाज खान उर्फ बाबू है जबकि सरायकेला-खरसावां जिले के ताजनगर का रहने वाला महबूबल आलम उर्फ बक्शा वाला शामिल है. इन लोगों के पास से पुलिस ने पैसन प्लस मोटरसाइकिल संख्या जेएच05जी-8630, ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या जेएच-05वाइ 3102, सुपर स्पलेंडर संख्या जेएच05सीएफ 2314, होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या जेएच 01एटी 3695, मोटरसाइकिल का जाली ऑनर बुक, चोरी के दो मोटरसाइकिल का खोला गया फाइबर पार्ट और पुर्जा को बरामद किया गया है. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह से कपाली निवासी मेराज अंसारी की स्पेलंडर मोटरसाइकिल की चोरी की गयी थी. इस मामले में एक एफआइआर दायर किया गया था, जिसके बाद की गयी जांच के बाद पुलिस ने ताजनगर कपाली के निवासी महबूब आलम के पास से चोरी की गाड़ियां बरामद की. इसके अलावा धातकीडीह निवासी अरबाज खान के घर से भी चोरी की गाड़ियां बरामद की गयी. आपको बता दें कि इससे पहले भी काफी संख्या में गाड़ियों को जब्त किया गया है.





