जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा फार्म एरिया रोड नंबर 4 निवासी 58 वर्षीय टाटा स्टील कर्मचारी पन्ना लाल की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी रेणु देवी ने ही की थी. पुलिस ने उनकी पत्नी रेणु देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पत्नी ने पुलिस के समक्ष अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया है कि उसने ही अपने पति की पिटाई की थी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गये थे. जमीन पर गिरने के बाद उसने ही टीएमएच में अपने पति को भर्ती कराया था और कमरे के खून को साक्ष्य मिटाने के लिए साफ करा दिया था. आपको बता दें कि 8 जून को टाटा स्टील के कर्मचारी पन्ना लाल की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. उस वक्त यह बताया गया था कि घर में गिर जाने के कारण उनकी मौत हुई है, लेकिन मृतक के भाई छोटेलाल ने हत्या की आशंका जतायी थी और बाद में पोस्टमार्टम में यह बातें सामने आयी थी कि उनकी मौत पिटाई से हुई है. इसको लेकर एक एफआइआर दायर किया गया था. इसके बाद पुलिस ने अनुशंधान करते हुए पत्नी को ही गिरप्तार कर जेल भेज दिया है.






