जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल परिसर की पार्किंग से मंगलवार सुबह बाइक चोरी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होमगार्ड जवानों ने सघन जांच अभियान चलाया. पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों के लॉक की जांच के दौरान सात वाहन बिना लॉक के मिले, जिन्हें सुरक्षा के मद्देनजर जब्त कर लिया गया. इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को भी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया कि चोरी हुई बाइक में भी लॉक नहीं लगा था. जांच के बाद पुलिस ने संबंधित वाहन मालिकों को लापरवाही के लिए फटकार लगाई. अस्पताल परिसर की पार्किंग निःशुल्क है और वहां तैनात सुरक्षाकर्मी वाहन खड़ा करने के बाद उसे लॉक करने की लगातार अपील करते हैं. इसके बावजूद कई लोग जल्दबाजी में वाहन बिना लॉक किए ही चले जाते हैं. कुछ मामलों में वाहन की चाबी भी बाइक में ही छूट जाती है, जिसका फायदा चोर उठा लेते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
एमजीएम अस्पताल परिसर से पहले भी कई दोपहिया वाहनों की चोरी हो चुकी है और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने कुछ चोरी हुए वाहनों को बरामद भी किया है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने वाहन मालिकों से पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बाद लॉक की जांच करने और चाबी अपने साथ रखने की अपील की है.




