जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में अग्रसेन जयंती समारोह के प्रथम दिन, मंगलवार को आमबगान अग्रसेन भवन में मारवाड़ी सम्मेलन की साकची शाखा की ओर से भव्य अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. आयोजन में 15 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी गायकी एवं संगीत ज्ञान से पूरे सभागार को सुरों से सराबोर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू भी शामिल हुईं. उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन में उपस्थित समाज के लोगों से मुलाकात की. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल संगीत और मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का संगम है. ऐसे आयोजन अग्रसेन जयंती की परंपरा को जीवंत बनाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का संचालन विख्यात गायक प्रेम अग्रवाल ने किया. “सुरों में संस्कृति और गीतों में परंपरा” की थीम पर आयोजित अंताक्षरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं. प्रतियोगिता में मुखड़ा, बजर, म्यूजिक, अक्षर सहित कई रोचक राउंड आयोजित किए गए. कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को भी विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर दिया गया तथा कई आकर्षक गिफ्ट हैम्पर भी वितरित किए गए. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा प्रतियोगिता में ज्योति अग्रवाल प्रथम, प्रीति अग्रवाल द्वितीय एवं मधु अग्रवाल तृतीय रहीं. अंताक्षरी प्रतियोगिता में टीम अग्रदीप प्रथम आई जिसमें पायल रस्तोगी, मेघा सिंघानिया एवं मंजू सेक्सरिया शामिल थीं, द्वितीय आई अग्रज्योति टीम में रिया केडिया, खुशबू अग्रवाल एवं पायल अग्रवाल शामिल रहीं जबकि तृतीय अग्र सुगंध टीम में लक्ष्मी शारडा, पूनम बजाज एवं अंकिता मुरारका शामिल रहीं.




