चाईबासा : जालसाजी और धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार झामुमो नेता विशाल गोप को मुफस्सिल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. विशाल गोप के खिलाफ थाने में रुपयों की हेराफेरी करने का प्राथमिकी दर्ज है. बताया जाता है कि विशाल गोप ने कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रुपयों की ठगी की है. सेना से सेवानिवृत डोमरडीहा निवासी रमेश चंद्र गोप ने मुफस्सिल थाना में विशाल गोप के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. इसमें उन्होंने विशाल गोप के खिलाफ 11 लाख रुपये धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है. मुफस्सिल पुलिस के अनुसार अब तक ऐसे 13 लोग सामने आये हैं, जिनसे विशाल गोप ने जालसाजी कर करीब 1.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है. (नीचे भी पढ़ें)
ठगी का शिकार हुए 49 वर्षीय रमेश चंद्र देवगम ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह मुफस्सिल थाना के डुमरडीहा गांव का रहने वाला है. 2018 में सेना से सूबेदार के पद से वह रिटायर हुआ है. रिटायरमेंट के बाद चाईबासा आने पर कुचाई के विशाल गोप से उसका परिचय हुआ. विशाल ने उसे बताया कि वह डिजिटल लाइफ के नाम से वर्ष 2017 से शेयर मार्केट में निवेश कर रहा है. इसमें कुछ वर्षों में पैसा दोगुना हो जाता है. इसमें जिन लोगों ने पैसा इन्वेस्ट किया, उनको वापस वह पैसा लौटा देता है. अनेक लोगों ने उसके डिजिटल लाइफ के माध्यम से पैसा इन्वेस्ट किया है. विशाल की बातों में आकर रमेश ने भी सेवानिवृत्ति में मिले 11 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से हस्तांतरित किये थे. लेकिन उसे एक रुपये भी हासिल नहीं हुआ.







