जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार में रविवार को गाड़ी ले जाने को लेकर आभूषण दुकानदार रिटेल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव संदीप बर्मन द्वारा जमशेदपुर अक्षेस के होमगार्ड जवान सूरज कुमार झा से उलझना महंगा पड़ा. पुलिस ने व्यापारी संदीप बर्मन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दायर करने के बाद उसको सुबह जेल भेज दिया. होमगार्ड का आरोप है कि संदीप बर्मन ने उनके साथ बदतमीजी की. धक्का-मुक्की पर उतर आए. होमगार्ड जवान सूरज कुमार झा के आवेदन पर साकची थाने में संदीप बर्मन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और गाली गलौज करने का मामला दर्ज कराया गया है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस ने रविवार की सुबह ही संदीप वर्मन को गिरफ्तार कर लिया था. रविवार की रात सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी साकची थाना पहुंचे थे. उनके पुलिस अधिकारियों से बात हुई थी कि थाना पुलिस ने पीआर बांड पर संदीप बर्मन को छोड़ दी जायेगी. इसके बावजूद अभी तक संदीप बर्मन को नहीं छोड़ा गया. अलबत्ता उनको सुबह ही चालान कर दिया गया और एमजीएम में मेडिकल कराने के बाद उसको जेल भेज दिया. इसको लेकर सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लोग सोमवार को साकची थाना पहुंचे. चेंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया समेत अन्य लोग थाना पहुंच गये और इसको लेकर गलत कार्रवाई करने का विरोध किया. बाद में व्यापारियों ने बाजार में मीटिंग की. मीटिंग के बाद संदीप बर्मन के समर्थन में बाजार को बंद कर दिया गया और व्यापारियों का अनिश्चितकालीन धरना बाजार में शुरू हो गया. व्यापारियों ने ऐलान किया है कि वे लोग किसी भी हद तक जायेंगे और प्रशासन की तानाशाही का विरोध होगा. व्यापारियों का कहना है कि साकची बाजार को बेवजह का गेट लगाकर बंद कर दिया गया है. लोगों को आने जाने नहीं दिया जा रहा है. इसके अलावा व्यापारियों को भी अंदर आने नहीं दिया जा रहा है, जो गलत है. इस तरह की कार्रवाई का विरोध करने की बात कहीं है.







