
जमशेदपुर : जमशेदपुर की ग्रामीण पुलिस ने जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिणी इचड़ा पंचायत भवन में चोरी करने के मामले का परदाफाश कर दिया है. पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी के करीब आठ उपकरणों को बरामद किया है. पकड़े गये लोगों में मानू मुर्मू, पातर बोदरा उर्फ टुनी बोदरा, धीरेन बोदरा, धर्मेंद्र प्रसाद उर्फ मामू, गुरुचरण सुंडी, मानकी जारिका शामिल है. ये सारे आरोपी जादूगोड़ा और आसपास के इलाके के रहने वाले है. उनके पास से तीन सोलर प्लेट, दो बैटरी, एक सीलिंग पंखा, एक इनवर्टर, एक स्ट्रीट लाइट, चोरी करने का उपकरण, चार चक्का का एक टेम्पो और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है. इन लोगों पर आरोप है कि इन लोगों ने 17 से 22 अगस्त के बीच दक्षिणी ईचड़ा पंचायत में चोरी की घटना को अंजाम दिया. पंचायत भवन में रखे गये सामानों की चोरी की गयी थी. गिरफ्तार करने वाली टीम में जादूगोड़ा अंचल के इंस्पेक्टर इंद्रदेव राम, जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, अवर निरीक्षक आशीष कुमार जासवाल, सहायक अवर निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, सलीम आलम, दिनेश कुमार राय, भरत किशोर महतो, शशिशेखर शर्मा जबकि आरक्षी नंदगोपाल उपाध्याय और धनंजय राम शामिल है. (नीचे देखे पूरी खबर)

डुमरिया से चोरी का आरोपी धराया
डुमरिया में सरकारी भवन से चोरी करने के मामले में एक आरोपी बागत हांसदा को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. पांच मार्च को चोरी की घटना हुई थी, जिसके फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है.







