जमशेदपुर / पोटका : जमशेदपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रो में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पोटका की कोवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पिछले 03 अगस्त को कोवाली थाना में कुल 67 चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त किया गया था एवं गिरोह के कुल 05 सदस्यों (अपराधियों) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इसके साथ ही एक किशोर को विधि-विरूद्ध किशोर को निरूद्ध (पकड़ा) किया गया था. मोटरसाइकिल चोरी की घटना का मुख्य अभियुक्त ब्रह्मानंद सामद उर्फ बापी सामद फरार चल रहा था, जिसको पकड़ने के लिए एसएसपी (पूर्वी सिंहभूम) के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के द्वारा डीएसपी मुसाबनी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था. उक्त टीम के द्वारा अभियुक्त को पकड़ने के लिए लगातार छापामारी की जाती रही. (नीचे भी पढ़ें)

बीती रात पुलिस को एक सूचना मिली, जिसके आधार पर उक्त टीम के द्वारा फरार अभियुक्त ब्रह्मानंद सामद उर्फ बापी सामद को मुसाबनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गया है. अभियुक्त के अपराध स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर, उसकी निशाानदेही पर परसुडीह थाना क्षेत्र से कुल 53 मोबाइल सहित चोरी के कई संदिग्ध सामान बरामद किये गये हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त के द्वारा लगभग तीन दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल चोरी की बात बतायी गयी है, जिसका सत्यापन किया जा चुका है. शेष चोरी का मोटरसाइकिल एवं अन्य जब्त सामानों का सत्यापन जिला एवं सीमावर्ती जिला / राज्यों से कराया जा रहा है. गिरफ्तार अभियुक्त का विभिन्न थाना में अपराधिक इतिहास पाया गया है. उक्त अभियुक्त गुड़ाबंदा थाना का स्थायी वांरटी (फरारी) है. (नीचे भी पढ़ें)

इस गिरोह के पांच सदस्यो को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है एवं एक विधि विरूद्ध किशोर को निरूद्ध किया गया है तथा उनकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गयी थी. अबतक इस कांड में कुल 77 मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गयी है. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. उक्त गिरोह के सभी सदस्यों के गिरफ्तार होने से पूर्वी सिंहभूम जिला से मोटरसाइकिल चोरी की घटना पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. गिरफ्तारी टीम में मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, जादूगोड़ा अंचल के पुलिस निरीक्षक इंद्रदेव राम, जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, पोटका थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा, कोवाली थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास, मुसाबनी थाना प्रभारी, राजा दिलावर, डुमरिया थाना प्रभारी विनोद टुडू, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी प्रिनन, मुसाबनी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार पासवान, सुरेंद्र कुमार महतो, अंकित कुमार, पोटका थाना के पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार, अंकित कुमार, कोवाली थाना के हवलदा देवान सोरेन तथा गृहरक्षक चालक 1469 अजय कुमार महतो शामिल थे.






