जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के चर्चित रंजीत सरदार हत्याकांड में पुलिस ने धनबाद के छब्बो को गिरफ्तार किया है. उसने पूछताछ में पुलिस को कांड से जुड़ी कई अहम जानकारी दी है. उस आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. इस बीच माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है. हालांकि अब तक पुलिस की ओर से छब्बो की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
दो आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी, अन्य की तलाश
इससे पहले इस हत्याकांड में पुलिस उलीडीह के रहनेवाले राहुल कुमार गुप्ता उर्फ शोले और आदित्यपुर के अनिल कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है. साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार के अलाव एक जिंदा गोली और पांच खोखा भी पुलिस ने बरामद किया है. राहुल उर्फ शोले को उलीडीह में ही पुलिस ने धर-दबोचा था, उस दौरान भागते वक्त उसका पैर टूट गया था. फिलहाल उसे एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में रखा गया है, जबकि अनिल कुमार को अपराधियों को संरक्षण देने के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उसे पुलिस न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. फिलहाल पुलिस को इस मामले में आदित्यपुर के रहनेवाले शातिर राजा सिंह समेत अन्य एक आरोपी की तलाश है. उनकी गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
यह है मामला
बता दें कि बीते 3 अक्टूबर को टेल्को सबुज कल्याण संघ के बाहर रंजित सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस दौरान वह अपनी बेटी और एक साथी के साथ दुर्गा पूजा घूमने गया था. पुलिस की जांच में यह बात सामने आ चुकी है कि हत्या करने में आदित्यपुर के राजा सिंह, छब्बो और शोले के अलावा एक अन्य आरोपी शामिल है . घटना को अंजाम देने के बाद छब्बो और राहुल हुरलूंग होते हुए गालूडीह की ओर भाग गए थे, जबकि राजा और उसका साथी मरीन ड्राइव होते हुए आदित्यपुर स्थित अनिल कुमार के घर गया. वहां रात भर रुकने के बाद दोनों फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े सभी पहलुओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.






