जमशेदपुर : जमशेदपुर मे चोरी की घटनाएं थमती नहीं नजर आ रही है. ताजा घटना शहर के बागबेड़ा और आजादनगर थाना क्षेत्र की है. बागबेड़ा में चोरों ने एक घर मे करीब 80 हजार की चोरी की घटना को अंजाम दिया, जबकि आजादनगर के वारिस कॉलोनी उर्दू स्कूल में धावा बोलकर चोरों ने सामानों की चोरी कर ली. इन दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थाना में मामला दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
खिड़की के पास रखा था पर्स, सुबह जागने पर गायब पाया
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 4 के रहने वाले राकेश कुमार के मुताबिक घर की खिड़की पर्स रखा हुआ था, जिसमें एक मोबाइल फोन के अलावा सोने की अंगूठी और नकद 7 हजार रुपये भी रखे थे. शुक्रवार की सुबह उठने पर पर्स गायब पाया. इस घटना में घर मालिक को करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने खिड़की के रास्ते घटना को अंजाम दिया होगा. (नीचे भी पढ़ें)
स्कूल का ताला तोड़कर की गई सामानों की चोरी
इधर आजाद नगर के वारिस कॉलोनी स्थित उर्दू प्राथमिक स्कूल का ताला तोड़कर चोरों ने सामानों की चोरी कर ली. घटना की जानकारी स्कूल के शिक्षकों को दूसरे दिन सुबह तब मिली जब वे स्कूल पहुंचे थे. चोरी गए सामानों में स्कूल की छत पर लगे पानी की के अलावा बिजली कनेक्शन, मोटर कनेक्शन की वायर भी शामिल है. घटना के संबंध में स्कूल के सहायक शिक्षक अनवर फातमा के बयान पर आजादनगर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.








