जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर के रहनेवाले मुरलीधर शर्मा के घर को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया और घर में घुसकर नकद समेत मोबाइल और लैपटॉप की चोरी कर ली. इस घटना को लेकर परिवार को लोग शुक्रवार की सुबह कदमा थाना पहुंचे. वहां घटना की लिखित शिकायत दर्ज करायी गई है. उसके मुताबिक घर के लोग रात को खाना खाकर सो गए थे. शुक्रवार की तड़के जब घर मालिक मुरलीधर शर्मा की आंख खुली तो उन्होंने टेबुल पर से लैपटॉप और मोबाइल गायब पाया. उसी दौरान खोजबीन करने पर पता चला कि घर से नकद 16 हजार रुपये भी गायब है. इसके बाद वे समझ गये कि घर में चोरी हुई है. नकद समेत चोरी गये सामानों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी जा रही है. इस घटना के संबंध में कदमा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.







