जमशेदपुर : जमशेदपुर से शुक्रवार को दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है. जहां भुइयांडीह छायानगर नौवीं कक्षा की छात्रा ने चीटिंग के शक में शिक्षक द्वारा कपड़े उतरवाने की ग्लानि से स्कूल से घर आकर खुद को आग के हवाले कर दिया. करीब 80 फीसदी जल चुकी छात्रा को परिजन एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां छात्रा की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. जमशेदपुर के साकची स्थित शारदामणि गर्ल्स हाई स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा ने शुक्रवार को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर स्थित अपने घर में खुद को आग के हवाले कर अपनी ही जान लेने की कोशिश की. आग लगते ही परिजन फौरन कमरे में पहुंच गए और आग बुझाई. छात्रा रितु मुखी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रितु मुखी की मां ने बताया कि रितु मुखी शारदामणि गर्ल्स हाई स्कूल में पढ़ती है. उसकी परीक्षा चल रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

परीक्षा के दौरान टीचर को शक हुआ कि रितु मुखी चीटिंग कर रही है. इस पर टीचर ने उसे कमरे में ले जाकर कपड़े उतार कर तलाशी ली. रितु मुखी की मां ने बताया कि इससे छात्रा को शर्म के मारे काफी सदमा लगा. वह घर पहुंची तो गुमशुम थी. पूछने पर कुछ नहीं बताया. रितु की मां ने बताया कि रितु के साथ पढ़ने वाली छात्राओं ने आकर उन्हें कपड़ा उतारे जाने की घटना की जानकारी दी, तब परिवार के लोगों को पता चला. इसी दौरान रितु ने कमरे में जाकर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली. (नीचे देखे पूरी खबर)

बाद में मां ने पूछा तब उसने बताया कि क्लास में तलाशी के नाम पर उसके कपड़े उतरवा दिए गए थे. इसी वजह से उसने जान देने की कोशिश की है. परिजनों का कहना है कि वह घटना की शिकायत पुलिस से करेंगे. पुलिस मामले की जांच करेगी, लेकिन इस बीच लड़की की हालत गंभीर है. 80 फीसदी लड़की जल चुकी है, जिसको टीएमएच में भर्ती कराया गया है.






