जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के चर्चित रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार हत्याकांड में पुलिस ने आदित्यपुर के रहनेवाले ऋषि कुमार को गिरफ्तार किया है. वह कांड का अप्राथमिकी अभियुक्त है. पुलिस ने उसके पास से हत्याकांड में प्रयुक्त पल्सर बाइक और मोबाइल बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक रंजीत सिंह हत्याकांड की जांच में ऋषि कुमार का नाम सामने आया था. उसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जोरशोर से जुटी थी. उसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जुगसलाई थाना अंतर्गत पार्वती घाट में छापेमारी की. वहां पुलिस बल को देखकर ऋषि कुमार दीवार फांदकर भागने लगा. हालांकि, वह अपनी मंशा में सफल नहीं हो पाया. दीवार फांदने के दौरान वह पथरीली जगह से टकरा गया. इससे उसके पैर में हल्की चोट भी आई. उसी दौरान पुलिस बल ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ के दौरान उसने रंजीत सिंह हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मालूम हो कि बीते 3 अक्टूबर को अपराधियों ने रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार की टेल्को सबुज कल्याण संघ के सामने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी. वह मानगो के अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़ा हुआ था. इस मामले में उलीडीह के रहनेवाले राहुल कुमार गुप्ता उर्फ शोले के अलावा आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में आदित्यपुर के अनिल कुमार और धनबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है. धनबाद से गिरफ्तार आरोपी का नाम सरबजीत सिंह उर्फ छब्बू के रूप में सामने आ रहा है. अब मामले में चौथा आरोपी ऋषि कुमार को गिरफ्तार करने में भी पुलिस ने सफलता पाई है. इस हत्याकांड के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गहन छापामारी कर रही है.






