जमशेदपुर : सोनारी में स्कॉर्पियो सवार से लूट-पाट रोकने गयी कदमा पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है. इस हमले में कदमा थाना के एसआइ शशि कपूर पर घायल हो गए. हालांकि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि तीन युवक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे. इसके अलावा भी कदमा पुलिस ने सोनारी चोरी के एक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
यह है मामला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात कदमा पुलिस की एक टीम सोनारी क्षेत्र में छापेमारी करने गई थी. वहां पुलिस ने 48 पीस मोबाइल और एक लैपटॉप के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया. उसके बाद देर रात पुलिस की टीम सोनारी मौनी बाबा मंदिर मेन रोड होते हुए लौट रही थी. इस बीच पुलिस ने देखा कि स्कूटी और पल्सर बाइक पर सवार कुछ युवक एक स्कोर्पियो का शीशा तोड़कर उसपर सवार लोगों के साथ लूट-पाट कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस वहां रुककर स्कॉर्पियो चालक को बचाने में जुट गई. तभी लूटपाट कर रहे युवक पुलिस से भिड़ गये. उसके बाद भी पुलिस ने दो युवकों को मौके पर धर-दबोचा, लेकिन तीन युवक पुलिस से उलझते हुए भागने में सफल रहे. उसी दौरान युवकों ने पुलिस की टीम पर ईंट से हमला किया, जिसमें कदमा थाना के एसआइ शशि कपूर घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में सोनारी के रूपनगर के आशीष सरदार और निर्मलनगर के अमित धीवर उर्फ पोतीक को तत्काल धर-दबोचा. उसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई में जुटी है. उससे पहले चोरी के मोबाइल और लैपटॉप के साथ कदमा पुलिस की टीम ने रामजनमनगर रोड नंबर-5 फुटबॉल मैदान के पास रहनेवाले समीर सरदार उर्फ बाबू, कदमा रामजनमनगर रोड नंबर 3 के राहुल भगत उर्फ छोटा लालू, शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 कदमा के अमित कुमार उर्फ बिट्टू उर्फ कट्टा, कदमा भाटिया बस्ती प्रतिमानगर के लक्ष्मण कुमार सिंह, और कदमा रामनगर के सन्नी कुमार शर्मा को गिरफ्तार गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की.






