जमशेदपुर : जुगसलाई के दवा व्यापारी हेमंत कुमार मित्तल से 10 लाख रूपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बिष्टुपुर कांट्रैक्टर्स एरिया के रहने वाले सोना कारोबारी जिग्नेश चौकसी को धर-दबोचा है. पुलिस ने रविवार की देर रात वारंट निकलने पर उसकी गिरफ्तार की कार्रवाई की है. जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक के पास रहने वाले हेमंत मित्तल ने इसी साल जिग्नेश चौकसी के खिलाफ धोखाधड़ी करने का एक मामला दर्ज कराया था. उसी मामले में कोर्ट से वारंट निकलने पर जुगसलाई पुलिस ने तमिला करते उसे गिरफ्तार किया है.
यह है मामला
जानकारी के मुताबिक जिग्नेश ने वर्ष 2018 में हेमंत मित्तल से रूपये की सख्त जरुरत होने की बात कहते हुए 10 लाख रूपये लोन लिए थे. उसके बाद उसने हेमंत मित्तल को दो चेक भी दिए थे. उसमें एक चेक 4.95 लाख और दूसरा चेक 5 लाख का रूपये का था. इस बीच हेमंत ने कई बार जिग्नेश से रूपये की मांग की, लेकिन वह रूपये देने में आना-कानी करता रहा. उसी बीच हेमंत मित्तल ने जिग्नेश का दिया हुआ चेक 2019 में बैंक में डाल दिया, जो बाउंस कर गया था. हालांकि उसके बाद भी भी उसने जिग्नेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करते हुए उसे रूपये लौटाने के मौके दिए, लेकिन हेमंत मित्तल का आरोप है कि उसे उल्टे धमकी दी गई. उसके बाद उन्होंने जिग्नेश चौकसी के खिलाफ जुगसलाई थाने में मामला दर्ज कराया. उसी मामले में वारंट निर्गत होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है.







