जमशेदपुर : पटमदा के बिडरा से बिजली विभाग के पोल समेत अन्य सामानों की चोरी के मामले में पुलिस ने ध्रुव कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र का रहनेवाला है. वर्तमान में वह रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित शिव शक्ति नगर में रह रहा था. इस संबंध में पटमदा थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि मामले में सात लोगों को जेल भेजा जा चुका है. घटना चार दिन पूर्व की है. पुलिस के हत्थे चढ़ा ध्रुव मामले का अप्राथमिकी अभियुक्त है. पुलिस की जांच में उसका नाम सामने आया था. उसके बाद पटमदा पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया. उसने पूछताछ में पुलिस के समक्ष घटना में संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.





