जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के टीआरएफ कॉलोनी के रहनेवाले रंजन मार्डी के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए जेवरात सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली. इस घटना को लेकर घर मालिक ने बागबेड़ा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. जानकारी के मुताबिक रविवार की रात करीब दस बजे रंजन मार्डी का परिवार खाना खाकर सो गया था. सुबह करीब तीन बजे घरवालों की नींद खुली. उसके बाद वे बरामदे में गये तो पाया कि सामान गायब है. जांच करने पर घर से एक जोड़ी पायल और इंडक्शन चूल्हा के अलावा अन्य कीमती सामान भी गायब पाया गया. घटना की सूचना तत्काल बागबेड़ा पुलिस को दी गई. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि घर के बरामदे के सामने लगी जाली से हाथ घुसाकर चोरों ने कुंडी खोली होगी. उसके बाद घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है.






