जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मांगो बस स्टैंड पर बुधवार को दोपहर बाद लगभग 2:00 बजे शिव शक्ति बस के मैनेजर अविनाश कुमार और शिव महिमा बस के ड्राइवर नितेश कुमार के बीच मारपीट हो गई। इस मारपीट में दोनों तरफ से आठ- 10 लोग एक दूसरे के कहने पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। नितेश का चाचा बिशेश्वर सिंह किसी काम से अपने पत्नी के साथ साकची मार्केट आया था। नितेश ने मारपीट की सूचना अपने चाचा को दी तो उनके चाचा बीच-बचाव करने बस स्टैंड पहुंच गए। (नीचे भी पढ़ें)
अविनाश कुमार और उनके साथियों ने नितेश के चाचा को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। उनके एक आंख में काफी चोट आई है। खून से लथपथ हालत में उनको एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। दूसरी तरफ, अविनाश कुमार भी घायल हुए हैं। उनके सर में चोट आई है। उन्हें भी खून से लथपथ हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। इन दोनों घायलों को पुलिस इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।






