जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बालिगुमा निवासी चुन्नू पांडेय के घर पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी. चुन्नू पांडेय सामाजिक कार्यकर्त्ता और कारोबारी भी है. चुन्नू पांडेय ने बताया कि वह अपने घर में बैठा हुआ था. इसी दौरान कुत्तों के भौंकने की आवाज आई, जिसके बाद उसकी मां ने कहा कि बाहर लगता है, कुछ हलचल हो रहा है. इसके बाद वे लोग जब बाहर निकलने की कोशिश की तो उससे पहले ही दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आए. (नीचे देखे पूरी ख़बर)

उन लोगों ने फायरिंग कर दी. घर के गेट को निशाना बनाकर फायरिंग की गई और वे लोग भाग गए. दोनों अपराधी दो पिस्तौल से गोलियां चला रहे थे. हमलावर नकाबपोश थे. बताया जाता है कि दोनों हमलावर चादर वगैरह से ढके हुए थे और कुछ भी नहीं दिख रहा था. यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है,जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अपराधी किस तरह बेखौफ फायरिंग कर रहे हैं. जमशेदपुर में अपराध चरम पर है और खास तौर पर मानगो में गैंगवार लगातार हो रहा है. इस घटना को भी उसी से जोड़कर देखा जा रहा है. आपको बता दें कि जेल से छूटे राजेश सिंह पर साकची में फायरिंग हुई थी और उसके बाद अब चुन्नू पांडे पर हुए हमले ने एरिया में सनसनी फैला दी है.







