
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के मानगो चौक पर शनिवार की रात सरेआम फूल दुकानदार मोहम्मद साकिब अंसारी से मारपीट कर 45 हजार रुपए लूट लिए गए हैं। वह मानगो के रोड नंबर 1 के रहने वाले हैं। साकची में उनकी फूल की दुकान है। मोहम्मद साकिब फूल की दुकान बंद कर बाइक से मानगो अपने घर लौट रहे थे। तभी मानगो चौक पर उनके पीछे एक कार सवार ने हार्न दिया। हार्न सुनने के बाद साकिब को बाइक किनारे करने में देर हो गई। इसी से चालक ने कार आगे बढ़ाकर बाइक के आगे लगा दी। कार पर बैठा एक व्यक्ति डंडा लेकर उतरा और साकिब के सर पर डंडे से कई प्रहार किए। खून से लथपथ साकिब जमीन पर गिर पड़ा। इसी बीच उसने उसके पास से 45000 रुपए छीन लिए और कार पर बैठकर फरार हो गया। साकिब ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज कराया। मानगो थाना जाकर मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गौरतलब है कि मानगो समेत शहर के विभिन्न इलाकों में अराजक तत्वों की गुंडई चरम पर है। अराजक तत्व जहां-तहां लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर देते हैं और लूट लेते हैं। इससे लोग परेशान हो गए हैं। साकिब का कहना है कि कार पर एक राजनीतिक दल का झंडा भी लगा हुआ था।






