जमशेदपुर : जमशेदपुर की बिरसानगर पुलिस ने स्थानीय मदर टेरेसा रोड निवासी महिला की मोबाइल चोरी मामले का उद्भेदन करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल मुखी, गुन्नु मुखी और अलतमश अहमद उर्फ बिट्टू शामिल है. मामले का उद्भेदन करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने महिला की चोरी गयी मोबाइल के अलावा सात अन्य मोबाइल फोन तथा तीन लैपटॉप बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
बता दें कि पिछले 21 दिसंबर को स्थानीय निवासी महक खरबंदा ने थाने में अज्ञात के खिलाफ मोबाइल चोरी का मामला दर्ज कराया था. उसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक नित्यानंद महतो के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी. टीम ने प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करतेत हुए 24 घंटे के भीतर कांड का उद्भेदन कर दिया. साथ ही चोरी गयी मोबाइल के साथ अन्य सात मोबाइल एवं तीन लैपटॉप बरामद किया. बिरसानगर थाना पदाधिकारी एवं कर्मियों के द्वारा उक्त कांड में शामिल अप्राथमिकी अभियुक्त राहुल मुखी, गुन्नु मुखी और अलतमश अहमद उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है. पुलिस की ओर से बताया गया है कि गिरफ्तार राहुल मुखी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी जेल चुका है.





