
जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के अम्फान तूफान पीड़ितो के लिए सोमवार को राहत सामग्री जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो जी द्वारा रवाना किया गया. उल्लेखनीय है कि गत दिनों भीषण तूफान ने पश्चिम बंगाल में भारी तबाही मचाई थी. भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के निर्देशानुसार सोमवार को उन तूफान पीड़ितों के सहायतार्थ घाटशिला अनुमंडल के सालबनी स्थित जेकेएम महाविद्यालय परिसर से एक ट्रक राहत सामग्री भेजा गया.
इस राहत सामग्री में चावल, आलू , मूढ़ी सहित घरेलू आवश्यकता की सामग्री भेजी गई है. इस राहत वाहन को प्रस्थान करते समय मुख्य रूप से समाजसेवी एवं जेकेएम महाविद्यालय समूह के अध्यक्ष जामिनी कांत महतो विशेष रूप से उपस्थित थे. सोमवार को कुल मिलाकर 50 क्विंटल राहत सामग्री भेजी गयी है. इस वाहन को सांसद विद्युत वरण महतो एवं यामिनीकांत महतो ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे.
















