
जमशेदपुर : भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने बिष्टुपुर स्थित मेडिका अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस अस्पताल को बंद करने की घोषणा को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है. उन्होनें कहा कि पूरे देश के साथ जमशेदपुर भी कोरोना संक्रमण की चपेट में है. कोल्हान में ऐसे ही स्वास्थ्य सुविधा की स्थिति चरमराई हुई है. उस पर मेडिका के बंद होने की घोषणा कोढ़ में खाज के समान है. उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री रघुवर दास के समय इस अस्पताल का उद्धघाटन हुआ था और इस अस्पताल के खुलने से मरीजों को यही पर निजी तौर पर स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही थी और अस्पताल के प्रति सरकार का रुख भी सकारात्मक था परंतु वर्तमान सरकार नागरिको की चिकित्सा सुविधा के प्रति गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि इस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रबंधन पर लीज की शर्तों के उलंघन और व्यावसायिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच के आदेश दिए थे. इसके बाद अब मेडिका प्रबंधन ने अस्पताल बंद करने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना पर भी सरकार की चुप्पी रहस्यमय है. उन्होंने कहा कि यह साबित करता है सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति गंभीर नहीं है जबकि स्वास्थ्य मंत्री इसी शहर के है. उन्होंने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. जो सरकार नए अस्पताल नही खुलवा सकती उसे चलते हुए अस्पतालों को बंद होने से रोकने का प्रयास करना चहिये. उन्होंने सरकार से मांग की जल्द ही इस संवेदनशील मसले पर संज्ञान लेकर सकारात्मक पहल करे ताकि इस अस्पताल का संचालन पुनः शुरू हो ताकि इससे जुड़े कर्मचारियों एवं वेंडरों का भविष्य सुरक्षित हो सके एवं आम जनता को भी स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा बहाल हो सके.

















