Saraikela : सरायकेला- खरसावां जिला भाजपा में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने वाले कार्यकर्ताओं की एंट्री आम हो चली है. वैसे इसको लेकर विरोध भी हो चुका है, बावजूद इसके पार्टी में कल तक पार्टी की छवि को धुमिल करनेवालों को तरजीह देने का सिलसिला जारी है. बीते 29 सितंबर को भाजपा आरआईटी मंडल का विस्तार किया गया. जहां पार्टी की ओर से तपन सिंह निराला को मंडल मंत्री का पद दिया गया. तपन सिंह जमशेदपुर के डॉन अखिलेश सिंह का कट्टर समर्थक बताया जाता है. तपन सिंह के फेसबुक वॉल के पोस्टों से इसका खुलासा हुआ है. ऐसे में तपन सिंह निराला की पार्टी में एंट्री कराने के पीछे मंडल भाजपा की क्या मंशा हे ये वहीं जानें. वैसे विधानसभा चुनाव के दौरान के पोस्टों पर अगर गौर करें तो तपन सिंह ने भी अपने पोस्टों में भाजपा के कार्यकर्ताओं को भितराघाती बताते हुए पार्टी फोरम से अलग हटकर कई पोस्ट किए थे. तपन सिंह इससे पहले जेवीम में थे, लेकिन विलय से पूर्व ही उन्होंने जेवीएम छोड़ दिया था. फिलहाल तपन सिंह के चयन को लेकर मंडल के पदाधिकारी खुले तौर पर तो कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, लेकिन दबे जुबान से तपन सिंह निराला का विरोध कर रहे हैं. पार्टी सूत्रों की अगर माने तो एक बार फिर से पॉकेट कमेटी बनायी गयी है. पार्टी स्तर पर वर्तमान कमेटी के गठन में रायशुमारी नहीं की गयी है. वैसे कई पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया गया है.








