
जमशेदपुर : कोल्हान में झारखंड अलग राज्य का आंदोलन करने वाले कृष्णा मार्डी भाजपा में फिर से शामिल हो चुके है. गुरुवार को रांची में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कृष्णा मार्डी को पार्टी की सदस्यता दिलायी. वे इससे पहले कई बार अपनी पार्टी बदल चुके है. वैसे कृष्णा मार्डी ने पार्टी में शामिल होते ही कहा कि भाजपा ने ही झारखंड बनाया है, जिस कारण भाजपा ही झारखंड का समुचित विकास कर सकती है. कृष्णा मार्डी इससे पहले राजनीतिक जीवन की शुरुआत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से शुरु की थी. वे सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से दो बार (1985 और 1990 के चुनाव में) झामुमो के टिकट पर ही विधायक रह चुके थे. इसके अलावा वे सिंहभूम संसदीय सीट से सांसद (1991 के लोकसभा चुनाव में) भी एक बार रहे थे. इसके बाद वे वर्ष 1992 से झामुमो से इस्तीफा दे दिया और पार्टी में टूट कर दी. इसके बाद वे झामुमो (मार्डी) बनाया. फिर 1996 में उन्होंने झामुमो में इसका विलय कर दिया. इसके बाद वे झामुमो को छोड़कर चुनावी बयार में भाजपा में शामिल हो गये. इसके बाद वे आजसू और कांग्रेस में भी रहे थे. वैसे वे पोटका से झामुमो के प्रत्याशी वर्ष 2000 में रहे थे, जहां से वे हार गये. इसके बाद भाजपा में जाने के बाद 2006 से लेकर 2008 तक रहे. 2008 में आजसू में शामिल हो गये. आजसू के टिकट पर 2009 के विधानसभा चुनाव में पोटका से चुनाव लड़े. इसके बाद फिर उन्होंने आजसू छोड़ दिया. फिर कांग्रेस में 2013 में शामिल हो गये. 2014 में फिर से कांग्रेस को छोड़कर झामुमो उलगुलान संगठन बनाया, जिसके बाद वे जनमत मोरचा में शामिल हुए और अब फिर से भाजपा में आ गये है.






