
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने विधानसभा में विधायकों द्वारा पूछे गये सवालों का विभागीय सचिवों की सलाह पर मंत्रियों द्वारा गलत और गुमराह करने वाला उत्तर दिये जाने को सभा के विशेषाधिकार का हनन बताते हुए शुक्रवार को विशेषाधिकार का प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष को दिया है. श्री राय ने शुक्रवार को शून्यकाल के बाद विधानसभा अध्यक्ष से निवेदन किया कि उनकी विशेषाधिकार सूचना को स्वीकार कर इस पर सदन में विचार हो. सभा अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस पर सोमवार को विचार होगा. श्री राय ने विशेषाधिकार सूचना में खान विभाग द्वारा विधानसभा में उनके प्रश्नों का गलत और बेबुनियाद उत्तर देने का उल्लेख किया है. उन्होंने कहा है कि खान विभाग के अधिकारी विधानसभा समितियों का भी विशेषाधिकार हनन करते हैं.













