
जमशेदपुर : इन दिनों पुलिस जमशेदपुर के लोगों को हेलमेट पहनाने के लिए जद्दोजहद कर रही है पर बिना हेलमेट घूमने वाले पुलिस से ही उलझ जा रहे है. ताजा मामला उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना चौक का है, जहां पिलीयन (पीछे बैठने वाले यात्री) द्वारा हेलमेट ना पहनने पर पुलिस द्वारा रोकने के बाद युवक पुलिस से ही उलझ गए. पुलिस और युवकों के बीच जमकर बहस हुई. इस मामले में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. यातायात थाना के पंकज कुमार के बयान पर उलीडीह थाना में धरमू मुर्मू और रामू मुर्मू के खिलाफ यातायात नियमों का उलंघन करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है. (नीचे पूरी खबरें पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह पुलिस डिमना चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी बीच धरमू और रामू एक बाइक पर सवार होकर मौके से गुजरे. इनमे से रामू ने हेलमेट पहने थी पर पीछे बैठे धरमू ने हेलमेट नहीं पहली थी. पुलिस ने उन्हें रोक लिया और चालान देने को कहा. इसी बात को लेकर दोनो पुलिस के साथ उलझ गए. इधर मानगो चौक पर भी एक युवक चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस से भिड़ गया. हालांकि बाद में उसने माफी मांग ली. मौके पर ही मामला रफा दफा कर लिया गया.














