
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राजेश ठाकुर ने रांची में पहली बार सारे जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की. इस बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसदगीता कोड़ा, विधायक बंधु तिर्की, पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर मौजूद थे. इस बैठक के दौरान सभी 14 जिला के अध्यक्ष उपस्थित हुए थे. जल्द ही प्रदेश कमेटी का गठन करने की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष ने दी और कहा कि 20 सूत्री और निगरानी समिति का भी गठन जल्द होगा. इसको लेकर कदम उठाये जा रहे है. इस मीटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर विचार हुआ और सारे जिला अध्यक्षों को कहा गया कि वे लोग खुश रहेंगे तो सारे लोग खुश रहेंगे और समाज को जोड़ने का काम करें. जिला से संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया जाना चाहिए. राजेश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश कमेटी के गटन के पहले वे सभी कार्यकारी अध्यक्ष के साथ जिला और प्रखंडों का भी दौरा करेंगे. संगठन को जिला से लेकर पंचायत स्तर तक और बेहतर किया जायेगा. पार्टी में सभी की भूमिका अलग से तय की जायेगी, जो संगठन को आगे ले जा सके. श्री ठाकुर ने कहा कि जिला अध्यक्षों को कहा गया है कि उनको टास्ट दिया गया है. हर जिले में कार्यक्रम आयोजित होगा और राज्य सरकार की योजनाों को धरातल पर उतारा जायेगा. जनहित के मुद्दों पर ज्यादा काम किया जायेगा. भाजपा नकारात्मक राजनीति नहीं करेगी. जनता के बीच भ्रम नहीं फैलायेगी. इस दौरान यह भी कहा गया कि जिला की बैठकों में निवास करने वाले सांसद, विधायक और वरीय नेताओं को बैठकों में मौजूद रहने को कहा गया है. तीन बार अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमारी दोहरी जिम्मेवारी बनती है, एक तरफ सरकार द्वारा जनहित मे चलायी जा रही योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता को मिले, इसकी भी निगरानी करनी है. साथ हीं साथ सांगठनिक स्तर पर पार्टी की विचारधारा के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का प्रयास करना है. मेरा प्रयास होगा कि सम्बद्ध जिलों में सरकारी कार्यक्रमों में अधिकारियों के द्वारा जिलाध्यक्षों को उचित सम्मान मिले. जिलाध्यक्षों की सहमति से हीं पार्टी में लोगों को जोड़ा जायेगा. पार्टी गतिविधियों की जानकारी और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद के दृष्टिकोण से हमें सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी खुलकर उपयोग करना चाहिए. ज़िला कांग्रेस कमिटी का अपना बैंक खाता होना चाहिए, इस हेतु जिलाध्यक्ष कार्रवाई करें. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

बैठक को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि एक समय था जब जिलाध्यक्षों के पीछे विधायक – सांसद घूमते थे. हमें संगठन को वापस उसी बुलन्दी पर पहुंचाना है. इस बात का विशेष ख्याल रहे कि संगठन में एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का माहौल न बने. कार्यक्रम का आयोजन में प्राथमिकता उसी स्थान को मिले, जहां से संगठन को मजबूती मिलेगी. हमें उस लोकोक्ति पैर रखकर चादर फैलाने को सत्य बनाना है. बैठक को सम्बोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि मन के हारे हार, मन के जीते जीत. आप जिला के अध्यक्ष है, आपको एक्शन में आने की जरूरत है. थोड़ा नरम, थोड़ा गरम के सिद्धांत को अपनाकर संगठन के माध्यम से जनहित के कामों को धरातल पर उतारना है. बैठक में सभी जिलाध्यक्षों द्वारा संगठन की अद्यतन स्थिति से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराते हुए जिला एवं प्रखंड अध्यक्षों की सूची को सौंपा. ज़िला संगठन द्वारा विगत दिनों किये गए विस्तृत प्रतिवेदन भी प्रदेश कमिटी भी जिलाध्यक्षों को सौंपा गया. साथ ही साथ जिले में चल रहे सदस्यता अभियान भी विचार मंथन किया गया और अभियान को गति देने की बात कही गयी. सम्यक विचारोपरांत सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि महीने में एक बार ज़िला समिति की विस्तारित बैठक आवश्यक रूप से आयोजित हो. बैठक में जिलाध्यक्षों में विजय खां, सुरेश बैठा, संजय पांडेय, साबिर खान, सुखेर भगत, रोशन बरवा, अनूप केशरी, रामकृष्ण चौधरी, अवधेश कुमार सिंह, नरेश वर्मा, प्रमोद कुमार दूबे, मुन्ना पासवान, कमाल शहजादा, ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, शंकर प्रजापति, रवीन्द्र कुमार वर्मा, मंजूर अंसारी, मनोज सहाय पिंकू, जैश रंजन पाठक उर्फ बिटटू, अरविन्द कुमार तूफानी, मुनेश्वर उरांव, अम्बर राय चौधरी, रंजन बोयपाई, छोटेराय किस्कु, श्यामल किशोर सिंह, अनुकूल चन्द्र मिश्रा, दिनेश यादव, मुन्नम संजय एवं उदय लखमानी उपस्थित थे. बैठक का धन्यवाद ज्ञापन कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो ने किया. बैठक में मीडिया की व्यवस्था को देखने के लिए प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, राकेश सिन्हा, डॉ एम तौसीफ, कुमार राजा एवं डॉ राकेश किरण महतो उपस्थित थे.




