
रांची : दिल्ली के पूर्व विधायक और हिंदुत्व की संस्था चलाने वाला भाजपा नेता कपिल मिश्रा हजारीबाग के बरही में मारे गये रुपेश पांडेय के परिजनों से मिलने के लिए झारखंड आये, लेकिन उनको झारखंड में इंट्री होने ही नही दिया गया. रांची एयरपोर्ट पर ही पुलिस ने उनको रोक दिया. कपिल मिश्रा के आने की जानकारी पहले से ही जारी कर दी गयी थी, जिसके बाद पुलिस काफी सतर्क थी. पुलिस ने उनको एयरपोर्ट पर ही रोक दिया और एयरपोर्ट से बाहर आने ही नहीं दिया. मॉब लिंचिंग में मारे गये रुपेश पांडेय के परिजनों से मिलकर 15 लाख रुपये देने वाले थे, लेकिन उनको जाने ही नहीं दिया गया. कपिल मिश्रा ने ट्विटर पर यह जानकारी दी कि उनको रोक दिया गया है. उन्होंने अपने ट्विटर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला और कहा कि आखिर रुपेश पांडेय के परिजनों से उनको मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने सवाल पूछा कि रूपेश पांडेय को लेकर ऐसा किया जा रहा है, लेकिन अगर तबरेज अंसारी मारा गया होता तो भी ऐसा किया जाता क्या. उनसे सरकार डर रही है. सरकार को अपराधियों को रोकना चाहिए, उनके जैसे नेताओं को नहीं रोकना चाहिए. कपिल मिश्रा ने बताया कि 15 लाख रुपये परिवारवालों के लिए जनता ने जमा किये है. जल्द ही अब उनके परिजनों को बैंक ट्रांस्फर से पैसे दे दिये जायेंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार तुष्टिकरण की नीति अपना रही है. इसकी बजाय सरकार को चाहिए कि अपराधियों को संभाले और हत्यारों को पकड़कर जेल की सलाखों में भेजा जाये. उन्होंने कहा कि वे तो हालात को समझने के लिए झारखंड आये थे. सरकार अगर यह सोच रही है कि कहीं इस मामले को सरकार दबा देगी तो ऐसा नहीं होने वाला है. रांची एयरपोर्ट पर काफी देर तक रहने के बाद उनको वापस नयी दिल्ली की फ्लाइट से भेजा जा रहा था. हजारीबाग जाने की अनुमति नहीं दी गयी तो उनको वापस जाना पड़ा. लेकिन इस बीच फ्लाइट को रोककर रांची के सांसद संजय सेठ ने कपिल मिश्रा से मुलाकात की और कहा कि सरकार के खिलाफ अब जोरदार आंदोलन होगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

आपातकाल जैसे झारखंड में हालात : दीपक-बाबूलाल-रघुवर-संजय सेठ
कपिल मिश्रा को एयरपोर्ट पर रोके जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में आपातकाल लागू हो चुका है. रूपेश पांडेय की भीड़ के हाथों हत्या होने के बाद भी मुख्यमंत्री चुप है. इसी तरह बाबूलाल मरांडी ने सरकार से सवाल पूछा कि सरकार ने दमनात्मक कार्रवाई की है, जिससे देश और दुनिया में झारखंड के बारे में गलत संदेश जायेगा. शोक संतप्त परिवार से मिलने के लिए रोकना सरकार की मंशा को उजागर कर रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कपिल मिश्रा को रोका जाना आश्चर्यजनक घटना है. चूंकि पीड़ित व्यक्ति हिंदू है, इस कारण हेमंत सोरेन ने संवेदना तक नहीं जतायी है. जब तबरेज अंसारी मारा गया था, तब हेमंत सोरेन आंसू बहा रहे थे. इसी तरह रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि यह आग और भड़केगी और इसको दबाने की कोशिश जितनी सरकार करेगी, उतना यह आग सुलगेगी.





