
जमशेदपुर : झारखंड के देवघर से जमशेदपुर मानगो लाने के दौरान लाखों का माल गायब कर देने का मामला सामने आया है. इस मामले में ओम लॉजिस्टिक लिमिटेड के पदाधिकारी सुरेश कुमार के बयान पर जमशेदपुर के एमजीएम थाना में एक एफआइआर दर्ज किया गया है. तीन लोगों को इसमें नामजद आरोपी बनाया गया है. देवघर के ओम लॉजिस्टिक लिमिटेड की ओर से यह केस जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा निवासी रमेश गिरी, जमशेदपुर के मानगो वसुंधरा स्टेट के रहने वाले रॉकी सिंह और सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के कुलुपटांगा निवासी दिलीप कुमार तिवारी के खिलाफ दायर किया गया है. बताया जाता है कि ओम लॉजिस्टिक कंपनी लिमिटेड का माल देवघर से 8 मार्च 2021 को मानगो जमशेदपुर के लिए चला था. यहां पर कुछ माल को उतारा गया था, लेकिन लाखों का माल रास्ते से ही गायब कर दिया गया था. इसका खुलासा तब हुआ, जब माल के डिलीवरी और माल की ढुलाई के दस्तावेजों का मिलान किया गया. घटना के संबंध एमजीएम थाना में एफआइआर दर्ज कराया गया है. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. करीब 11 माह के बाद यह केस दर्ज हुआ है, जिस कारण यह मामल संदेहास्पद लग रहा है.




