
रांची : झारखंड भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को रांची के राजभवन में पहुंचकर राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की. इन लोगों ने राज्य सरकार की शिकायत की. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ एक ज्ञापन इन लोगों ने सौंपा और कार्रवाई करने की मांग की. ज्ञापन देने वालों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, एसटी मोर्चा के प्रदेश प्रभारी और पूर्व विधायक रामाकुमार पाहन शामिल थे. इन लोगों ने मांग की है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 19 ए के तहत जांच की अनुमति दी जाये और मुख्यमंत्री पद से अयोग्य ठहराते हुए हेमंत सोरेन को सत्ता से हटा दिया जाये. भाजपा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन की खरीद की है.ह भाजपा की सरकार में मामले की जांच की जा रही थी, लेकिन हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने पक्ष में रिपोर्ट तैयार करा ली है. कल्पना सोरेन और उनकी बहन सरला मुर्मू द्वारा औद्योगिक जमीन लेने और अवैध काले धन को खपाने की आशंका जतायी गयी है.



