
जमशेदपुर : टाटा समू के इतिहास में पहली बार टाटा समूह से जुड़ी तमाम कंपनियों के एमडी-सीइओ समेत तमाम वरीय अधिकारियों के वेतन में करीब 20 फीसदी की कटौती की जा रही है. बताया जाता है कि यह तैयारी इसलिए की जा रही है ताकि निचले स्तर के कर्मचारियों तक को इसका संकेत दिया जा सके कि संकट की इस घड़ी में कुछ भी संभव हो सकता है. भाररत के एक आर्थिक हिंदी अखबार के दावे के मुताबिक, टाटा समूह ने अपनी लगभग सभी बड़ी कंपनियों के एमडी वी सीइओ को मिलने वाले सालाना वेतन में 20 फीसदी की कटौती करने का फैसला लिया है. टाटा समूह की सबसे मुनाफा देने वाली कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सीइओ राजेश गोपीनाथन का सबसे पहले वेतन में कटौती का ऐलान कर दिया गया. इससे पहले टाटा समूह द्वारा संचालित इंडियन होटेल्स की ओर से कहा जा चुका है कि कंपनी को बचाने के लिए कंपनी के वरीय अधिकारियों द्वारा अपने वेतनमान में कटौती कर कंपनी को बचाने का प्रयास करेंगे. इसी तरह टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा ट्रेंट, टाटा इंटरनेशनल, टाटा कैपिटल और वोल्टास जैसी कंपनियों के एमडी व सीइओ की भी वेतन में कटौती करने की तैयारी की गयी है. यह जो कटौती होगी, वह वर्तमान वित्तीय वर्ष के दौरान मिलने वाले बोनस की राशि से ही कर दी जायेगी. वैसे इस तरह का फैसला आज तक टाटा समूह की ओर से नहीं लिया गया है. लेकिन इस फैसले के बाद यह भी संभव है कि डाउन द लाइन काम करने वाले मजदूरों की भी वेतन में कटौती हो जाये. वैसे अधिकारिक तौर पर टाटा समूह की ओर से कुछ भी नहीं कहा गया है. वैसे टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक अंग्रेजी आर्थिक अखबार से बातचीत करते हुए कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण काल के दौरान सभी कंपनियों के पदाधिकारी अपनी-अपनी कंपनियों के लिए जो हितकर होगा, वह फैसला लेगी. वैसे अब तक टाटा समूह या टाटा समूह की कंपनियों की ओर से ऐसा कोई सरकुलर जारी नहीं किया गया है और न ही इसके लिए किसी तरह का कोई अधिकारिक ही बयान दिया गया है. वैसे अंग्रेजी आर्थिक अखबार को टाटा स्टील के एक प्रवक्ता ने जरूर कहा कि यह फैसला बोर्ड का है और उस पर कोई कमेंट नहीं किया जा सकता है. वैसे टाटा समूह के सारे कंपनियों के सीइओ में इस बार के वित्तीय वर्ष में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी हो चुकी थी जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह बढ़ोत्तरी 14 फीसदी तक की थी. वैसे अब तक टीसीएस के अलावा किसी ने अपना वार्षिक रिपोर्ट जारी नहीं किया है. टाटा समूह के वार्षिक रिपोर्ट 2019 के मुताबिक, टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को कुल 65.52 करोड़ रुपये एक साल में मिले थे, जिसमें 54 करोड़ रुपये मुनाफा का कमीशन था. उनका ही वेतन वित्तीय वर्ष 2018-2019 के वनस्पत 19 फीसदी ज्यादा था. टाटा समूह की करीब 33 कंपनियों के सेल्स में करीब 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई थी, जो 7.52 लाख करोड़ रुपये तक का था. टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टीसीएस जैसी कंपनियों ने 82 फीसदी सेल्स में अपना योगदान दिया. वैसे 33 कंपनियों का मुनाफा वित्तीय वर्ष 2018-2019 के वनस्पत 2019-2020 में 20 फीसदी घटी ही थी. टीसीएस ने इस मुनाफा में 32340 करोड़ रुपये का योगदान दिया था जबकि टाटा समूह की बड़ी कंपनी टाटा स्टील ने 10218 करोड़ रुपये का मुनाफा टाटा समूह को दिलाया था. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के सीइओ राजेश गोपीनाथन के वेतनमान को 16.5 फीसदी घटाया गया है, जो पहले 16.04 करोड़ रुपये था, वह घटकर 13.3 करोड़ रुपये हो चुका है. वित्तीय वर्ष 2019-2020 में टाटा मोटर्स के सीइओ गुंटर ब्यूसेक का वेतनमान 26.29 करोड़ रुपये था जबकि कंपनी का 28,828 करोड़ रुपये का घाटा किया था. टाटा स्टील की बिक्री और मुनाफा में बढ़ोत्तरी हुई थी, जिस कारण टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन के वेतनमान में 19 फीसदी की बढ़ोत्तरी पिछले साल की गयी थी, जो 11.23 करोड़ रुपये सालाना तक हुआ था. इसी तरह टाटा समूह की फ्लैगशिप कंपनियों के वेतनमान में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई थी. लेकिन इस बार इसमें संशय की स्थिति बनी हुई है.












