
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में एक बार फिर से उत्पादन शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर टाटा मोटर्स के अधिकारियों के साथ राज्य के परिवहन मंत्री सह सरायकेला के विधायक चंपई सोरेन ने बैठक की. इस बैठक में जिला प्रशासन की ओर से एडीसी सौरभ सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी, टाटा मोटर्स के अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान मंत्री चंपई सोरेन ने गंभीर चिंता जाहिर की कि जमशेदपुर में टाटा मोटर्स नहीं चालू होने के कारण काफी परेशानी हो रही है. इन सारी परेशानियों को दूर किया जाना चाहिए ताकि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में कंपनियां चल सके और लोगों को रोजी रोजगार मिल सके. मंत्री ने अधिकारियों को कहा कि अगर कोई नियम है तो उसको सरकार के स्तर पर बातचीत कर कंपनी को खुलवाया जा सकता है. टाटा मोटर्स के प्रतिनिधियों ने मीटिंग में कहा कि वे लोग तो तैयार है कि कंपनी में उत्पादन किया जाये. लेकिन इसकी इजाजत नहीं मिल रही है. जिला प्रशासन की ओर से टाटा मोटर्स खोलने को लेकर अब तक कोई इजाजत नहीं दी गयी है. इसके बाद मंत्री ने कहा कि वे राज्य सरकार केस्तर पर जरूर इन बातों को रखेंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्तर पर बातचीत करने के बाद किस तरह टाटा मोटर्स को खोला जा सकता है, इस पर फैसला लेंगे ताकि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में नौकरियां फिर से लोगों को मिल सके.





