
मेदिनीनगर : बढ़ती सड़क दुर्घटना को देखते हुए पलामू एसपी अजय लिंडा और डीटीओ शैलेश कुमार के निर्देशा पर ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरश के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर थाना के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वाहन चेकिंग अभियान के अन्तर्गत करीब 45 वाहनों को पकड़ा गया। अभियान देखते ही मोटरसाइकिल चालकों में हड़कंप मच गया. खासकर बिना ड्राइविंग लाइसेंस, कागजात एवं बिना हेलमेट वाले वाहन चालक परेशान दिखे. वाहन चेकिंग अभियान की वजह से सड़क के किनारे व थाना परिसर में लंबी भीड़ मोटरसाइकिल चालको की लग गयी. ट्रैफिक प्रभारी द्वारा ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाले मोटरसाइकिल चालकों के ऊपर विशेष निगरानी की गयी. वाहन चेकिंग का नाम सुनते ही मोटरसाइकिल सवार रास्ता बदल ले रहे थे। वाहन को पकड़ने के बाद सभी वाहनों को चालान के लिए डीटीओ के पास भेज दिया गया। ट्रैफिक प्रभारी रूद्रानंद सरश ने कहा कि आये दिन सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसमें ज्यादा कम उम्र के बच्चों की मौत हो रही है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चेकिंग अभियान में अशोक कुमार, मुरारी रजक, शीतल प्रजापति, राजेश पांडेय समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।







