
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के बालिदुमा गांव निवासी मंटू महतो (45) का शनिवार को गांव के एक झोला छाप डॉक्टर ने गलत इलाज कर दिया, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गयी. मंटू महतो की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे इलाज कराने के लिए सीएचसी ले गये. वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू ने मंटू महतो का इलाज शुरू कर दिया है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि मंटू महतो को अत्यधिक उल्टी होने के कारण उसका पल्स काफी गिर गया है, जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी है. सीएचसी में फिलहाल उसकी हालत सुधार में है. इस संबंध में परिवार के सदस्यों ने कहा कि मंटू महतो ने आज सुबह ओड़िशा के झोला छाप डॉक्टर से दवा ली थी. दवा खाते ही उसे उल्टी होने लगी. गलत इलाज करने के बाद उक्त झोला छाप डॉक्टर मंटू महतो के घर से कागज, दवा लेकर डर से गांव से फरार हो गया है.







