
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत गोविंदपुर चौक के पास अटल ग्रामिण योजना संस्था के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का मामला प्रकाश में आया है. यह संस्था नौकरी दिलाने के नाम पर लोगो को ठगी कर रही थी. अब तक संस्था ने हजारों लोगो से करोड़ो रुपये की ठगी कर ली है. गुरुवार को जब रुपये देने वाले संस्था के कार्यालय पहुंचे तो उन्हे इस बात की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर झारखंड छात्र मोर्चा के नेता चंदन ठाकुर और संजीव मुर्मू भी संस्था के कार्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
चंदन ठाकूर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अटल ग्रामिण योजना संस्था जो की हरियाणा की है उसके द्वारा झारखंड बंगाल और उड़िसा के लोगो को नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों रुपये की ठगी की जा चुकी है. यहां पर लोगो को ब्लॉक कॉर्डिनेटर, टीचर, जैसे नौकरियों का प्रलोभन देकर हजारों रुपये ठगे जा चुके है. इसका संचालन सोनु सिंह नाम का युवक करता है. फिलहाल सोनू दिल्ली में है, उसने रुपये लौटाने के लिए 2 फरवरी तक का समय मांगा है. इस मामले में अब तक गोविंदपुर थाना में किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं मिली है.
इस मामले में अब तक प्रशासन की ओर से किसी तरह का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. करोड़ों की ठगी के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है. पुलिस सिर्फ यह कहकर अपना पल्ला झाड़ ले रही है कि किसी तरह का कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुआ है.







