
नयी दिल्ली/रांची : झारखंड की राजनीति में नया भूचाल आ गया है. राज्य के पूर्व मंत्री और झारखंड विकास मोरचा के नेता और विधायक प्रदीप यादव और विधायक बंधु तिर्की कांग्रेस में जाने वाले है. इन दोनों की मुलाकात कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हुई है. नयी दिल्ली स्थित उनके आवास पर दोनों ने मुलाकात की है और इसकी तस्वीरें भी साझा की है. उनके साथ कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और वेणुगोपाल भी मौजूद थे. बताया जाता है कि प्रदीप यादव और बंधु तिर्की कांग्रेस में शामिल हो जायेंगे. झारखंड विकास मोरचा ने पिछले दिनों ही बंधु तिर्की को पार्टी से बरखास्त कर दिया था जबकि प्रदीप यादव पर भी तलवारें लटकी हुई थी. पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी झाविमो का विलय भाजपा में करना चाहते थे, जिसका विरोध प्रदीप यादव और बंधु तिर्की कर रहे थे. इसको देखते हुए प्रदीप यादव ने बंधु तिर्की का साथ दिया और कांग्रेस में चले गये. इन दोनों की ज्वाइनिंग के साथ ही यह भी तय हो गया है कि प्रदीप यादव मंत्री बनने जा रहे है. बताया जाता है कि कांग्रेस आलाकमान के आदेश के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह को 24 जनवरी को रोक दिया गया. नयी सूची एक बार फिर से शुरू होगी. प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के कांग्रेस में जाने के बाद झाविमो का भाजपा में विलय होने का एक और रास्ता साफ हो गया है. अब बाबूलाल मरांडी भाजपा में शामिल होंगे और प्रतिपक्ष के नेता बनेंगे जबकि भाजपा के विधायक दल का भी नेता उनको बनाया जा सकता है. इस कारण ही भाजपा ने अब तक विपक्ष का नेता घोषित नहीं किया है और न ही विधायक दल का नेता ही घोषित किया है.







