
बहरागोड़ा : मुख्य बाजार के समीपस्थ शीतला मंदिर के पीछे रविवार को बेबी करण के घर में अचानक सिलेंडर के पाइप फट जाने से आग लग गया जिससे बेबी करण के घर में रखे सारा सामान जलकर खाक में तब्दील हो गया. बेबी करन छाता मरम्मत तथा अन्य सामान बेचने का काम करते हैं. आगजनी में करीब दो लाख रुपये की क्षति बतायी जा रही है. घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची. इससे पहले सारा सामान जलकर खाक हो चुका था. जानकारी के अनुसार बेबी करण के घर में गैस चूल्हे पर खाना बन रहा था. अचानक पाइप फट जाने से गैस में आग लग गयी तथा पूरे घर में आग फैल गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. मिंटू नायक ने गैस सिलेंडर को जलते अवस्था में जान जोखिम में डालकर बंद किया. उसके बाद आग काबू पर पाया गया. गैस सिलेंडर फटने से बच गया तथा स्थानीय लोगों ने डीप बोरिंग के पानी से आग को काबू किया. घटना की सूचना पाकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी घटनास्थल पर पहुंचे तथा अंचलाधिकारी हीरा कुमार को इसकी जानकारी देकर पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति राशि मुहैया कराने के लिए आग्रह किया. अंचलाधिकारी ने डॉ गोस्वामी को आश्वस्त किया कि तत्काल कर्मचारी भेज कर आपदा विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा.


















