
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की भातकुंडा पंचायत के रांगामाटिया गांव में पिछले 12 वर्ष पूर्व विधायक विद्युत वरण महतो की अनुशंसा पर कृषि के लिए डीप बोरिंग निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली थी, परंतु उक्त डीप बोरिंग आज तक पूर्ण नही हुआ है. गांव के ग्राम प्रधान छोटू महतो, दीपक महतो, गोपाल महतो, भूषण महतो, कमल महतो, कार्तिक कर्मकार, सुरेन नायक समेत अन्य किसानों ने बताया कि सिंचाई की कमी के कारण गांव के किसान वर्ष में सिर्फ एक फसल धान की खेती करते हैं. किसानों ने कहा कि बाकी समय खेत सिंचाई के अभाव में परती ही पड़ा रहता है.

किसानों ने कहा कि गांव में स्वीकृत डीप बोरिंग का निर्माण कार्य पूर्ण हो तो करीब 50-60 एकड़ जमीन को खेती करने के लिए पानी मिल पाएगा, जिससे किसान सालों भर खेती कर पायेंगे. किसानों ने कहा कि स्वीकृत डीप बोरिंग का निर्माण विभागीय संवेदक द्वारा सिर्फ पाइप गाड़कर और चहारदीवारी निर्माण कर छोड़ दिया गया है. पाइप में संवेदक द्वारा मोटर नहीं डाला गया है. इस कारण किसानों के लिये यह योजना सफेद हाथी साबित हो रही है. किसानों ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभागीय पदाधिकारियों की उपेक्षा के कारण किसान योजना के लाभ पाने से वंचित हो रहे हैं और गांव का बड़ा भू-भाग पानी के अभाव में परती पड़ा हुआ है. खेत में मवेशी चरते हैं.
किसानों ने की मानें, तो कि उक्त योजना किस विभाग से स्वीकृत हुई है, उन्हें यह भी मालूम नहीं है. योजना का संवेदक कौन था और योजना की लागत क्या थी, किसी को कुछ मालूम नहीं है. किसानों ने कहा कि योजना स्थल पर किसी तरह का बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. इसकारण उन्हें कुछ भी पता नहीं है. योजना अधूरी होने से किसानों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी के प्रति असंतोष है.






