
चाकुलिया : प्रखंड के कालियाम में बीती रात हाथियों के दल ने घुस कर गांव में उत्पात मचाया. हाथियों के गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों ने बताया कि वे हाथियों के दल से अपने घर और परिवार को बचायें या अपनी फसलों की सुरक्षा करें. कहा कि हाथियों का दल गांव में प्रवेश कर 2-3 भागों में बंट कर जमकर उत्पात मचाता है.
बीती रात हाथियों ने गांव से सटे खेत में प्रवेश कर सब्जी की फसल को पैरो तले रोंद कर बर्बाद कर दिया है. किसी तरह वे सभी मेहनत कर सब्जी की फसल उगाते हैं, परंतु हाथी गांव में आकर उनकी मेहनत पर पानी फेर देते हैं. कहा कि वन विभाग द्वारा हाथी से नुकसान की फसल पर बहुत कम मुआवजा देता है. किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की दिशा में विस क्षेत्र के जन प्रतिनिधि आज तक पहल नही की गई है.
हाथियों द्वारा लगातार विस क्षेत्र में किसी न किसी गांव में घुस कर उत्पात मचाया जा रहा है. इससे विस क्षेत्र के लोगों में वन विभाग के पदाधिकारियों के खिलाफ रोष है. वहीं वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि कुछ दिनों से हाथियों का दल कई भागों में बंट कर अलग अलग गांव में प्रवेश कर रहा है. विभाग के पास उतने आदमी या कर्मी भी नहीं हैं कि अलग अलग टीम बनाकर हाथी पर निगरानी की जा सके. बीती रात करीब दो बजे एक नर हाथी को चाकुलिया बाजार में देखा गया.
वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि वे सभी रात में बहरागोड़ा के लुगाहारा गांव से हाथी भगाकर चाकुलिया लौट रहे थे कि वन विभाग कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर बड़ा नर हाथी को देखा गया. हाथी सड़क होते हुए हवाई पट्टी की और चला गया है. हाथी वन क्षेत्र के कई गांवों में शरण लिए हुए हैं. इससे वन विभाग के पदाधिकारी और कर्मीयों के साथ साथ ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.








