
राजन सिंह
चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र के बड़ामारा-पुरनापानी गांव में वन विभाग के पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण पर्यावरण संरक्षण की धज्जियां उड़ रही है. वर्ष 2017 में वन रोपण विभाग द्वारा बड़े ही तामझाम के साथ बड़ामारा गांव से सटी मुख्य सड़क किनारे विभिन्न प्रजातियों के कई पौधों लगाये गये थे. सही देखभाल नहीं होने के कारण कई पौधे झुलस गये हैं.
वन विभाग द्वारा लगाये गए पौधों की सूखी टहनियां वन विभाग के पदाधिकारियों की उदासीनता को बयां कर रही हैं. सरकार राज्य में पर्यावरण संरक्षण करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है. एक-एक पौधे के पीछे हजारों रुपये दे रही है इसके बावजूद भी पौधे की सही देखभाल विभाग द्वारा नही किया जा रहा है.
वर्ष 2017 में तत्कालीन विधायक कुणाल षाड़गी के नेतृत्व में वन रोपण विभाग के पदाधिकारी और कर्मियों ने बड़ामारा गांव जाने वाली सड़क किनारे जंगल की खाली जमीन पर दर्जनों पौधे रोपे थे, जहां आज स्थिति ऐसी है कि वहां विधायक का बोर्ड लगा है और कई पौधे देखभाल के अभाव में झुलस गए हैं.
जो बचे-खुचे पौधे रह गये हैं अगर विभाग ने उन पौधों की ओर ध्यान नही दिया को वह भी मर जाएंगे. इस संबंध में वन रोपण विभाग के रेंजर अलख निरंजन तिवारी से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उनसे बात नहीं हो सकी.







