
अरुण केशरी
देवघर : देश के प्रथम नागरिक माननीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने झारखंड प्रवास के दौरान शनिवार की दोपहर 01:05 बजे कुण्डा स्थित देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचे। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू उपस्थित थी। इस अवसर पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, संथाल परगना आयुक्त अरविंद कुमार, संथाल परगना पुलिस उपमहानिरक्षक राजकुमार लकड़ा, उपायुक्त नैन्सी सहाय, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह ने राष्ट्रपति, राज्यपाल व अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात राष्ट्रपति श्री कोविंद ने बाबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना बाबा बैद्यनाथ से की। वहां षोड्शोपचार विधि के द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना पुरोहितों द्वारा कराई गई। पूजा के उपरांत महामहिम को उपायुक्त नैंसी सहाय ने मंदिर श्राईन बोर्ड की तरफ से अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
बाबाधाम आने वाले तीसरे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देवघर आने वाले तीसरे राष्ट्रपति हैं। इससे पहले देश के पहले राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद तथा दो बार बतौर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर चुके हैं।
चाक-चौबंद सुरक्षा-व्यवस्था
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा-व्यवस्था की गयी थी। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं की गयी थी। यातायात को सुगम बनाने तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में रूट डायवर्जन भी किये गए थे। कई स्थानों पर ड्रॉप गेट तथा बेरियर भी लगाया गया था। इसके साथ ही पहुंच पथ पर स्लाइडिंग बेरियर भी लगाया गया था। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस व मंदिर तक ऊंचे भवनों पर सुरक्षा बल के जवान तैनात किये गए थे, ताकि असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। जगह-जगह पर सुरक्षा बल के जवान को तैनात किये गए थे। परिंदा भी पर नहीं मार सके, इसे ध्यान में रखते हुए सफेद पोशाक में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। जगह-जगह पर दण्डाधिकारियों को भी तैनात किया गया था।







