
सरायकेला : जिला के नीमली प्रखंड अंतर्गत चालियामा पंचायत भवन में सरकार आपके द्वार सह जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिसमें जिले के डीडीसी सहित सभी विभागीय अधिकारियों के साथ ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी मौजूद रही. इस दौरान सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कई मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया, एवं कई मामलों से संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश डीडीसी ने दिया.

इस संबंध में डीडीसी संजय कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़े जितने भी मामले आए उनमें ज्यादातर मामलों का निपटारा कर दिया गया. इसके अलावा पेयजल, बिजली एवं आवास से संबंधित शिकायतों का निपटारा करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया गया है. आपको बता दें कि राज्य सरकार के आदेश के बाद सभी जिलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट निपटारा किया जा रहा है. इसी के तहत सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन द्वारा भी लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.







