
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार से मुलाकात की एवं उनसे मांग की कि आदित्यपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल से सेकेंडरी रेफरल की सुविधा समाप्त कर दी गई है. इसके कारण वहां के स्थानीय श्रमिकों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. सांसद श्री महतो ने यह भी कहा कि जितने आईपी होल्डर वहां पर हैं उसके अनुसार आदित्यपुर में कम से कम 200 बेड वाले अस्पताल की आवश्यकता है. श्री गंगवार ने सांसद की बातों को सुनकर उन्हें बताया की पूरे देश में सेकेंडरी रेफरल का मामला बहुत ज्यादा आ रहा था और अपने अस्पतालों में सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद भी मरीज दूसरे अस्पतालों के तरफ जा रहे थे. इन्हीं चीजों को रोकने के लिए इस सुविधा को रोका गया है. इस पर सांसद ने बताया कि जमशेदपुर एवं आदित्यपुर का मामला थोड़ा पृथक है इसलिए वह इस पर पुनर्विचार करेंगे. मंत्री ने सांसद को यह भी सूचित किया कि इस मामले को उन्होंने लोकसभा में भी उठाया है और लोकसभा के माध्यम से भी यह मामला उन तक पहुंचा है. श्री गंगवार ने सांसद को यह आश्वस्त किया की आईपी होल्डर के संख्या के अनुपात में उनके द्वारा 200 बेड अस्पताल की जो मांग की गई है. वह इस पर गंभीरतापूर्वक विचार कर कार्रवाई करेंगे. श्री गंगवार ने वहां पर उपस्थित अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों को इस संबंध में समुचित दिशा-निर्देश भी जारी किया एवं इस संबंध में उन्हें समुचित रिपोर्ट भी सौंपने को कहा.







