
जमशेदपुर – झारखंड में कोरोना संक्रमित तीसरे मरीज की पुष्टि हुई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है. संक्रमित महिला बांग्लादेश के ढाका में तब्लीगी जमात में शामिल होकर पिछले 15 मार्च को बोकारो लौटी थी. जानकारी के अनुसार बोकारो के तेलो से तीन दंपती ढाका गये थे. वहां तब्लीगी जमात में शामिल होकर वे लौटे थे. उसके बाद से उनकी ट्रेवल हिस्ट्री को देखते हुए उक्त छह लोगों को बाकारो प्रशासन द्वारा वहां के गुरु गोविंद इंजीनियरिंग स्कूल में क्वारंटाइन किया गया था. उसके बाद सैंपल जांच करायी गयी, जिसमें एक महिला में कोरोना पॉजीटिव पाया गया. उसके बाद महिला को क्वारंटाइन सेंटर से बोकारो जेनरल हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है.
पहले भी मिल चुके हैं दो पॉजीटिव
इससे पहले भी कोरोना के दो पॉजीटिव मरीज झारखंड में मिल चुके हैं. सबसे पहले पिछले ही दिनों रांची के हिंदपीढ़ी में एक मलेशियाई महिला कोरोना पॉजीटिव पाई गयी, जो तब्लीगी जमान में शामिल होने के बाद दिल्ली के रास्ते रांची आयी थी. उसके बाद हजारीबाग के बिष्णुगढ़ निवासी एक व्यक्ति में कोरोना पॉजीटिव पाया गया. वह आसनसोल में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद पैदल ही हजारीबाग लौट रहा था.
तब्लीगी जमात को कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 1024
बोकारो में उक्त महिला में होरोना पॉजीटिव पाये जाने के बाद झारखंड में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या जहां तीन हो गयी है, वहीं तब्लीगी जमात से जुड़े ऐसे मरीजों की संख्या 1024 हो गयी है. क्योंकि बोकारो के तेलो से मिली कोरोना संक्रमित भी ढाका में तब्लीगी जमात में शामिल होकर लौटी थी.







