
राजन सिंह
गुड़ाबान्दा : कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. सरकार की घोषणा के बाद से सभी विद्यालय बंद हैं. इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही हैं. विद्यालय के विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन की अवधि में उत्क्रमित उच्च विद्यालय गुड़ाबान्दा के शिक्षकों ने ऑनलाइन पढ़ाने का बीड़ा उठाया है. छात्र-छात्राएं घर बैठे स्मार्ट फोन के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं.
विद्यालय के सहायक शिक्षक नब कुमार गिरि ने बताया कि वर्तमान में उत्क्रमित उच्च विद्यालय गुड़ाबान्दा के 59 विद्यार्थियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा (डिजिटल लर्निंग) दी जा रही है. हर दिन बच्चों को सिलेबस आधारित अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और हिन्दी विषयों की शिक्षा दी जा रही है. शिक्षण सामग्री के रूप में बच्चों को विषयवार आवश्यक नोट और ऑडियो-विडियो उपलब्ध करायी जा रही है. क्षेत्र में अधिकांश गरीब परिवार के पास स्मार्ट फोन नहीं रहने के कारण उनके बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है. विद्यालय की आठवीं कक्षा के छात्र सुमन मलिक ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा से हमें काफी लाभ मिल रहा है. लॉकडाउन के कारण हमारी पढ़ाई की जो नुकसान हुआ था अब काफी हद तक वह पूरा हो रहा है.














